spot_img
Homeउत्तर प्रदेशशादी की खुशियां मातम में बदलीं, हर्ष फायरिंग में एक की मौत,...

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हर्ष फायरिंग में एक की मौत, कई घायल

चमन इरफान

फतेहपुर (सं.भा.) शादी-विवाह का माहौल आमतौर पर खुशियों, गीत-संगीत और उत्साह से भरा होता है, लेकिन कभी-कभी एक लापरवाही पूरे उत्सव को मातम में बदल देती है। फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह में ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ, जहां कथित फायरिंग की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

 

यह हादसा अहिरन डेरा मजरे लमेहटा गांव में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार समारोह के बीच अचानक फायरिंग होने से वहां मौजूद लोग गोली की चपेट में आ गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने धीरज निषाद (50) निवासी औंगासी, थाना बबेरू, जनपद बांदा को मृत घोषित कर दिया।

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमोह निवासी राजेंद्र तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी (45) नशे की हालत में था और विवाह समारोह की रिकॉर्डिंग कर रहे ड्रोन कैमरे को निशाना बनाने का प्रयास कर रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद उसने बंदूक नीचे कर ली, लेकिन इसी दौरान गोली चल गई और वहां खड़े लोगों को जा लगी।

 

घटना में कामता रैदास पुत्र गोधी रैदास निवासी लमेहटा सहित तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार परा आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com