मुंबई (सं.भा.) : अभिनेत्री हुमा कुरैशी एक बार फिर बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। उनकी आगामी क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म में हुमा एक मूक-बधिर महिला की भूमिका निभा रही हैं, जो दिखने में बेहद मासूम है, लेकिन उसकी असली पहचान एक खतरनाक सुपारी किलर की है। करीब ढाई मिनट के ट्रेलर में रहस्य, अपराध, धोखे और सस्पेंस से भरी दुनिया की झलक देखने को मिलती है। कहानी ‘बेबी’ नाम की एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो न सुन सकती है और न बोल सकती है, लेकिन अपने मिशन को अंजाम देने में कभी चूकती नहीं। उसकी खामोशी ही उसकी सबसे बड़ी ताकत बन जाती है और यही बात फिल्म को अन्य क्राइम थ्रिलर फिल्मों से अलग बनाती है। फिल्म का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है, जबकि इसे हुमा कुरैशी और उनके भाई साकिब सलीम ने अपने नए प्रोडक्शन बैनर के तहत बनाया है। ट्रेलर में हुमा का दमदार अभिनय खास आकर्षण माना जा रहा है। बिना संवादों के केवल हाव-भाव और चेहरे के भावों से उन्होंने किरदार में रहस्य और खौफ दोनों को प्रभावी ढंग से पेश किया है। फिल्म में हुमा के अलावा सिकंदर खेर, चंकी पांडे, विद्या मालवडे, हिमांशु मलिक और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘बेबी डू डाई डू’ 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन आलिया भट्ट और शरवरी की बहुप्रतीक्षित स्पाई-एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ भी रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दो महिला प्रधान फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
हुमा कुरैशी की नई क्राइम थ्रिलर का ट्रेलर रिलीज बॉक्स ऑफिस पर ‘अल्फा’ से होगी टक्कर
RELATED ARTICLES


