spot_img
Homeफिल्मी खबरेंयकीन नहीं होता 35 साल बीत गए-करिश्मा

यकीन नहीं होता 35 साल बीत गए-करिश्मा

मुंबई (सं.भा.) हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 35 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर उन्होंने अपने फिल्मी करियर के शुरुआती दिनों, संघर्षों और यादगार फिल्मों को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं। करिश्मा ने बताया कि जब उन्होंने फिल्मों में कदम रखा था, तब उनकी उम्र महज 16 साल थी और उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह सफर इतना लंबा और सफल होगा। एक बातचीत में करिश्मा ने बताया कि उनकी पहली रिलीज फिल्म ‘प्रेम कैदी’ थी, जिसकी शूटिंग उन्होंने स्कूल से कॉलेज में पहुंचने के तुरंत बाद शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि आज पीछे मुड़कर देखने पर विश्वास ही नहीं होता कि इंडस्ट्री में 35 साल कैसे गुजर गए। अभिनेत्री के मुताबिक, उस दौर में फिल्मों की शूटिंग आज की तुलना में कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण हुआ करती थी। करिश्मा ने पुराने दौर की शूटिंग को याद करते हुए कहा कि उस समय तकनीक सीमित थी और सेट पर तेज रोशनी के बीच घंटों काम करना पड़ता था। शूटिंग के बाद डबिंग की प्रक्रिया भी काफी लंबी और मेहनत भरी होती थी। उन्होंने माना कि आज तकनीक के कारण कलाकारों का काम पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गया है। अपने लंबे करियर में कई सुपरहिट फिल्में देने वाली करिश्मा ने ‘जुबैदा’ को अपने जीवन की सबसे खास फिल्मों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने उन्हें एक कलाकार के रूप में बहुत कुछ सिखाया। साथ ही उन्होंने प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल को याद करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना उनके करियर का यादगार अनुभव रहा। करिश्मा ने बताया कि व्यावसायिक फिल्मों से लेकर गंभीर सिनेमा और अब ओटीटी तक का सफर उनके लिए सीख और अनुभवों से भरा रहा है। ‘राजा बाबू’, ‘कूली नंबर-1’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘जुड़वा’, ‘हीरो नंबर-1’, ‘हसीना मान जाएगी’ और ‘अंदाज अपना अपना’ जैसी फिल्मों ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई, जो आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com