spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमानपाड़ा चौक पर ट्रैफिक से हाहाकार, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों की...

मानपाड़ा चौक पर ट्रैफिक से हाहाकार, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों की बढ़ी मुश्किलें

डोंबिवली (सं.भा.) कल्याण-शिलफाटा मार्ग स्थित मानपाड़ा चौक पर मेट्रो निर्माण कार्य की धीमी गति से रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम लग रहा है। सुबह से देर रात तक वाहन रेंगते नजर आते हैं, जिससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने एमएमआरडीए को आठ दिनों के भीतर निर्माण कार्य में तेजी लाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करने की चेतावनी दी है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन करने का ऐलान किया गया है।

मनसे के डोंबिवली जिला संयोजक हर्षद पाटील ने कहा कि मानपाड़ा चौक क्षेत्र का सबसे व्यस्त यातायात केंद्र है, जहां डोंबिवली, मानपाड़ा, उंबार्ली गांव और शिलफाटा मार्ग से आने-जाने वाले हजारों वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। मेट्रो के पिलर निर्माण के लिए मुख्य मार्ग बंद किए जाने और काम की धीमी गति के कारण यहां रोजाना लंबा जाम लग रहा है।

उन्होंने बताया कि मानपाड़ा चौक से कुछ ही मिनट की दूरी तय करने में लोगों को एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल बसों में सफर करने वाले बच्चों, उनके अभिभावकों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को हो रही है। क्षेत्र के विद्यानिकेतन, सेंट थेरेसा, पवार पब्लिक स्कूल, न्यू एरा ग्लोबल और सखाराम शेट विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी प्रतिदिन इस जाम में फंस रहे हैं।

मनसे का आरोप है कि पिछले वर्ष भी एमएमआरडीए ने यातायात पुलिस से समुचित समन्वय किए बिना सड़क बंद कर दी थी, जिसके कारण भारी अव्यवस्था फैल गई थी। उस समय यातायात पुलिस को जेसीबी की मदद से अवरोध हटाकर ट्रैफिक सुचारु करना पड़ा था। इसके बावजूद निर्माण कार्य की गति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

हर्षद पाटील ने यह भी कहा कि पत्रीपुल के पास रहेजा कॉम्प्लेक्स के सामने चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य की स्थिति भी कमोबेश ऐसी ही है। वहां भी चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है।

मनसे ने मांग की है कि एमएमआरडीए अगले आठ दिनों के भीतर मानपाड़ा चौक और पत्रीपुल क्षेत्र में निर्माण कार्य में तेजी लाकर ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य करे। अन्यथा पार्टी सड़क पर उतरकर तीव्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com