अयोध्या के राम मंदिर की दान पेटियों की गिनती के समय कथित गड़बड़ी के मामले में फिलहाल सियासत गर्म है। उत्तर प्रेदश सरकार इस मामले की जांच एसआईटी से करा रही है। एसआईटी ने अपनी प्राथमिक रिपोर्ट भी सरकार को सौंप दी है। जबकि दूसरी ओर विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ फ्रंट फूट पर है। इस बीच अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के दान में कथित गड़बड़ी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फौरन सुनवाई से फिलहाल इनकार किया है। हालांकि अदालत ने याचिकाकर्ता को सलाह दी कि वह कोर्ट की रजिस्ट्री के सामने एक पत्र देकर बताए कि इस मामले में तत्काल सुनवाई क्यों जरूरी है। इसके बाद अदालत जल्द सुनवाई की मांग पर विचार करेगी। याचिकाकर्ता का कहना है कि अगर मामले की सुनवाई अदालत की छुट्टियों के बाद हुई, तो तब तक इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और दूसरे अहम सबूतों से छेड़छाड़ हो सकती है। इसी आधार पर उन्होंने जल्द सुनवाई की मांग की थी। अदालत ने कहा कि पहले औपचारिक रूप से अर्जेंसी का पत्र दिया जाए, फिर इस पर फैसला लिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में अयोध्या राम मंदिर को मिले दान में कथित गड़बड़ी की जांच की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि मामले की जांच सीबीआई की अगुवाई वाली विशेष जांच टीम से कराई जाए। साथ ही सभी डिजिटल, वित्तीय और अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के आदेश देने की भी मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि कोर्ट रजिस्ट्री से उन्हें जानकारी मिली है कि मामला छुट्टियों के बाद सूचीबद्ध होगा। उनका कहना था कि इतनी देरी होने पर सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल पेमेंट रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के साथ छेड़छाड़ की आशंका है। सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई का आदेश नहीं दिया। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता रजिस्ट्री में अर्जेंसी का पत्र दें। इसके बाद अदालत यह तय करेगी कि मामले की जल्द सुनवाई की जरूरत है या नहीं। इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही एक एसआईटी गठित कर चुकी है। एसआईटी अपनी शुरुआती रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है और पुलिस की जांच भी जारी है। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद कई लोगों की गिरफ्तारी और तलाशी की कार्रवाई भी की गई है। उधर मुंबई में भाजपा नेता राम कदम ने पंजाब में सीता-लव कुश मंदिर बनाने की अरविंद केजरीवाल की घोषणा पर प्रतिक्रिया दी। राम मंदिर चंदा विवाद पर राम कदम ने कहा कि 500 सालों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। अयोध्या एक नाम नहीं, हमारे लिए श्रद्धा का केंद्र है। राम मंदिर से चंदा चोरी करने वालों को बीच रास्ते में खड़े करके कोड़ों से मारना चाहिए या फांसी दे देना चाहिए। राम कदम ने कहा कि इस मामले पर यूपी सरकार गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। इस घटना को लेकर विपक्ष भगवान राम को बदनाम न करे, क्योंकि राम मंदिर हमारी आस्था का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व के कई देशों का दौरा कर भारत का नाम ऊंचा किया है। भारत को धीरे-धीरे विश्व गुरु का दर्जा मिल रहा है। छोटे-बड़े देशों का दौरा कर प्रधानमंत्री भारत के रिश्ते को मजबूत कर रहे हैं। केजरीवाल पहले प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से राम मंदिर का विरोध करते थे, लेकिन अब मंदिर बनाने की बात कर रहे हैं। हिंदू देवी-देवताओं का मंदिर कहीं पर बनेगा तो उसका स्वागत है, लेकिन अगर केजरीवाल चुनाव के लिए मंदिर बना रहे हैं, तो पंजाब के हिंदुओं को सतर्क रहना होगा। इनके मुंह में राम है और बगल में छूरी।


