spot_img
Homeफिल्मी खबरेंआसान नहीं था शिल्पा शेट्टी का फिल्मी सफर, मुश्किल दौर से निकलकर...

आसान नहीं था शिल्पा शेट्टी का फिल्मी सफर, मुश्किल दौर से निकलकर बनीं स्टार

मुंबई (सं.भा.) : बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का नाम आज इंडस्ट्री की सफल अभिनेत्रियों में शुमार है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर संघर्षों से भरा रहा। एक दौर ऐसा भी आया जब उन्हें फिल्मों में काम मिलना लगभग बंद हो गया था और कई बार साइन किए जाने के बाद भी उन्हें फिल्मों से बाहर कर दिया गया। तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में दमदार वापसी की। सोमवार को अपना 51वां जन्मदिन मना रहीं शिल्पा शेट्टी का जन्म 8 जून 1975 को कर्नाटक के मंगलुरु में हुआ था। उनका असली नाम अश्विनी शेट्टी है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने पिता के कारोबार में हाथ बंटा रही थीं, तभी एक फैशन शो में हिस्सा लेने का अवसर मिला। वहीं से मॉडलिंग की दुनिया में उनके कदम पड़े और जल्द ही फिल्मों के ऑफर आने लगे। शिल्पा ने वर्ष 1993 में फिल्म ‘बाजीगर’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। पहली ही फिल्म की सफलता ने उन्हें पहचान दिलाई और इसके बाद उन्होंने ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘औजार’, ‘छोटे सरकार’, ‘परदेसी बाबू’ समेत कई फिल्मों में काम किया। हालांकि, सफलता के बीच उनके करियर में ऐसा दौर भी आया जब लगातार काम मिलना कम हो गया और कई फिल्मों से उन्हें आखिरी समय में बाहर कर दिया गया। शिल्पा ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उस समय उन्हें लगा था कि उनका करियर ढलान पर है, लेकिन उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा। वर्ष 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘धड़कन’ ने उनके करियर को नई उड़ान दी। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। इसके बाद उन्होंने ‘रिश्ते’, ‘फिर मिलेंगे’, ‘दस’ और ‘लाइफ इन ए… मेट्रो’ जैसी फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता का अलग ही परिचय दिया। खासतौर पर ‘फिर मिलेंगे’ में एचआईवी पीड़ित महिला के किरदार ने उन्हें एक संजीदा और सशक्त अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com