मुंबई (सं.भा.) : कान फिल्म महोत्सव में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन की मौजूदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। रेड कार्पेट पर उनके ग्लैमरस अंदाज़ की जहां कई लोगों ने सराहना की, वहीं सोशल मीडिया पर उनके वजन और उम्र को लेकर की गई टिप्पणियों ने बॉडी शेमिंग और महिलाओं पर थोपे जाने वाले सौंदर्य मानकों को लेकर नई बहस छेड़ दी। करीब 24 वर्षों से कान फिल्म महोत्सव में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं 52 वर्षीय ऐश्वर्या इस बार शुरुआत में नजर नहीं आईं, जिससे उनके शामिल न होने की अटकलें लगने लगीं। हालांकि बाद में उन्होंने डिजाइनर अमित अग्रवाल के तैयार किए गए नीले गाउन में रेड कार्पेट पर शानदार एंट्री की। उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर जहां एक ओर उनके लुक की तारीफ हुई, वहीं दूसरी ओर उनके शारीरिक बदलाव को लेकर ट्रोलिंग भी शुरू हो गई। यह पहली बार नहीं है जब ऐश्वर्या को बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा हो। वर्ष 2011 में बेटी आराध्या के जन्म के बाद भी उनके बढ़े हुए वजन को लेकर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि समाज आज भी महिलाओं से एक तय सौंदर्य मानक पर खरा उतरने की उम्मीद करता है, जबकि उम्र के साथ शरीर में बदलाव स्वाभाविक प्रक्रिया है। मनोवैज्ञानिक श्वेता शर्मा के अनुसार, ऐश्वर्या की वर्षों से बनी ‘परफेक्ट ब्यूटी’ की छवि के कारण उनके हर बदलाव पर जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया देखने को मिलती है। वहीं अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी ट्रोलिंग की आलोचना करते हुए कहा कि हर महिला को उम्र के किसी भी पड़ाव पर आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान और व्यक्तित्व के साथ सार्वजनिक मंच पर आने का पूरा अधिकार है।
उम्र और खूबसूरती के पैमानों पर फिर उठे सवाल, ऐश्वर्या बनीं चर्चा का केंद्र
RELATED ARTICLES


