मुंबई (सं.भा.)महाराष्ट्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा मुद्दा बन गई है। मानसून सत्र के दौरान यह मामला विधानसभा में जोरदार तरीके से उठा, जहां सरकार ने माना कि राज्य में करीब 14 लाख 80 हजार आवारा कुत्ते हैं। इनमें लगभग 99 हजार कुत्ते अकेले मुंबई में हैं। सरकार ने समस्या से निपटने के लिए नसबंदी, रेबीज टीकाकरण और शेल्टर हाउस की योजना में तेजी लाने का भरोसा दिया।
शिवसेना (शिंदे) विधायक अर्जुन खोतकर ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से कहा कि जालना में पिछले 15 दिनों के भीतर 93 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने सरकार से तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
जवाब में उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सभी नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को कुत्तों की नसबंदी और रेबीज-रोधी टीकाकरण अभियान तेज करने के निर्देश दे चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक दो लाख से अधिक कुत्तों का टीकाकरण और करीब 1.80 लाख कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। साथ ही, निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं और आवारा कुत्तों को खाना खिलाने पर भी कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है।
मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगले छह महीनों के भीतर मुंबई में आवारा कुत्तों के लिए तीन शेल्टर हाउस बनाए जाएंगे। साथ ही पूरे राज्य में पशु जन्म नियंत्रण केंद्र स्थापित कर आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने की दिशा में काम किया जाएगा। सदन में इस मुद्दे पर कई विधायकों ने भी बढ़ते कुत्ता हमलों को गंभीर बताते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।


