मुंबई (सं.भा.) राज्यभर में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है। खेतों से मंडियों तक सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण मुंबई समेत आसपास के बाजारों में पत्तेदार सब्जियों की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का यही दौर जारी रहा तो हरी सब्जियां और महंगी हो सकती हैं।
मुंबई कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) में शनिवार को पत्तेदार सब्जियों की आवक सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही। पुणे, खेड़, मंचर, पुरंदर और नासिक से आने वाली हरी सब्जियों की आपूर्ति बारिश के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई है। सबसे अधिक असर पुणे जिले से होने वाली आपूर्ति पर पड़ा, जहां से पत्तेदार सब्जियों की आवक लगभग बंद हो गई। वहीं नासिक से भी सामान्य के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत कम माल बाजार पहुंचा।
मंडी में धनिया की 692 क्विंटल, पालक की 428 क्विंटल और मेथी की 152 क्विंटल आवक दर्ज की गई। आपूर्ति घटने का सीधा असर कीमतों पर दिखाई दिया। थोक बाजार में धनिया 30 से 40 रुपये प्रति बंडल, पालक 20 से 25 रुपये प्रति बंडल और मेथी 30 से 35 रुपये प्रति बंडल के भाव से बिकी। वहीं खुदरा बाजार में यही पत्तेदार सब्जियां थोक कीमतों की तुलना में 40 से 50 प्रतिशत अधिक दाम पर ग्राहकों को मिल रही हैं।
सब्जी व्यापारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों में कटाई और परिवहन दोनों प्रभावित हुए हैं। यदि मौसम में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में पत्तेदार सब्जियों की आवक और घट सकती है, जिससे कीमतों में एक और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इससे आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट और प्रभावित होने की आशंका है।


