spot_img
Homeमहाराष्ट्रबीएमसी सभागार की बैठक व्यवस्था को लेकर नहीं मिली कोई शिकायत

बीएमसी सभागार की बैठक व्यवस्था को लेकर नहीं मिली कोई शिकायत

  • आरटीआई में खुलासा, पांच वर्षों से 237 सीटों की व्यवस्था में नहीं हुआ बदलाव

मुंबई (सं.भा.) बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मुख्य सभागार में नगरसेवकों और अन्य सदस्यों की बैठक व्यवस्था को लेकर पिछले तीन वर्षों में एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई है। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी में यह खुलासा हुआ है। साथ ही, पिछले पांच वर्षों से सभागार की बैठक व्यवस्था में किसी तरह का बदलाव नहीं किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने बीएमसी सभागार की बैठक व्यवस्था, क्षमता और शिकायतों से संबंधित जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में महानगरपालिका के कार्यकारी अभियंता (मुख्यालय) कार्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी में बताया गया कि वर्तमान में बीएमसी सभागार में कुल 237 सीटें हैं। इनमें 227 निर्वाचित नगरसेवकों और 10 नामित नगरसेवकों के लिए बैठक व्यवस्था की गई है।

बीएमसी ने जानकारी में स्पष्ट किया है कि पिछले पांच वर्षों के दौरान सभागार में बैठने की व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। वहीं, पिछले तीन वर्षों में नागरिकों या सदस्यों की ओर से बैठक व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

अनिल गलगली ने आरटीआई के माध्यम से यह भी पूछा था कि सभागार में नगरसेवकों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, दर्शकों और अन्य लोगों के लिए बैठने की अलग-अलग व्यवस्था क्या है, यह व्यवस्था कब से लागू है और इसमें पिछले वर्षों में कोई बदलाव किया गया है या नहीं।

हालांकि, बीएमसी की ओर से जवाब दिया गया कि इस तरह की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती, इसलिए इस संबंध में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।

अनिल गलगली ने कहा कि बीएमसी सभागार मुंबई की लोकतांत्रिक निर्णय प्रक्रिया का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में सभागार की क्षमता, बैठक व्यवस्था और उससे जुड़ी जानकारी सार्वजनिक होना प्रशासन में पारदर्शिता के लिए आवश्यक है। आरटीआई से मिली जानकारी से यह स्पष्ट होता है कि वर्तमान व्यवस्था को लेकर पिछले कुछ वर्षों में कोई आधिकारिक शिकायत सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com