spot_img
Homeउत्तर प्रदेशबाराबंकी में विकास का नया अध्याय, योगी बोले- विरासत और विकास के...

बाराबंकी में विकास का नया अध्याय, योगी बोले- विरासत और विकास के विरोधी हैं सपा-कांग्रेस

लखनऊ (सं.भा.) बाराबंकी की धरती पर सोमवार को विकास और आस्था का संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जिले को 542 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 82 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा में सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल देश की विरासत और विकास की सोच के विरोधी रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दरियाबाद और रामनगर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी इन परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए बाराबंकी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भगवान लोधेश्वर महादेव की यह पवित्र भूमि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, लेकिन लंबे समय तक इस धार्मिक स्थल के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने लोधेश्वर महादेव मंदिर के विकास और भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। इससे मंदिर परिसर का कायाकल्प होगा और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ ऐतिहासिक और धार्मिक विरासतों के संरक्षण पर भी काम कर रही है। उन्होंने बाराबंकी की पहचान पारिजात वृक्ष और हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू जैसी धरोहरों से जुड़ी होने का जिक्र करते हुए कहा कि इनका सम्मान और संरक्षण जरूरी है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के साथ अपनी संस्कृति और विरासत को भी नई पहचान मिल रही है। सरकार का प्रयास है कि धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ा जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com