मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्कूल बसों के संचालन की अवधि 15 वर्ष से बढ़ाकर 20 वर्ष किए जाने के फैसले का स्कूल बस संचालकों ने स्वागत किया है। इस निर्णय को बड़ी राहत बताते हुए अब मुंबई में डीजल से चलने वाली स्कूल बसों के लिए भी वर्तमान सीमा बढ़ाने की मांग उठने लगी है। स्कूल एंड कंपनी बस ओनर्स एसोसिएशन का कहना है कि पूरे राज्य में एक समान नियम लागू होने से संचालकों को राहत मिलेगी और परिवहन व्यवस्था अधिक व्यावहारिक बनेगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल गर्ग ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, परिवहन मंत्री और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से संगठन लगातार इस विषय पर सरकार के समक्ष तकनीकी आंकड़े और विस्तृत जानकारी प्रस्तुत कर रहा था। उनके अनुसार, स्कूल बसें सामान्य व्यावसायिक वाहनों की तुलना में काफी कम दूरी तय करती हैं, इसलिए उनके लिए अलग मानक तय किए जाने की आवश्यकता थी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र स्कूल बसों के लिए 20 वर्ष तक संचालन की अनुमति देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इससे स्कूल बस संचालकों को आर्थिक राहत मिलेगी और बेहतर रखरखाव के साथ सुरक्षित बसों का संचालन जारी रखा जा सकेगा।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और परिवहन आयुक्त को पत्र लिखकर मांग की है कि मुंबई में डीजल आधारित स्कूल बसों के लिए वर्तमान में लागू 8 वर्ष की सीमा को बढ़ाकर 15 वर्ष किया जाए। उनका कहना है कि मुंबई में परिचालन लागत, टोल, पार्किंग और रखरखाव का खर्च अधिक होने के कारण अलग नियम संचालकों के लिए आर्थिक चुनौती बन रहे हैं।
एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी स्कूल बस संचालक सुरक्षा मानकों, फिटनेस जांच और आरटीओ के नियमों का पूरी तरह पालन करते रहेंगे तथा बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


