मुंबई (सं.भा.)बीएमसी अस्पतालों और मनपा कार्यालयों को तंबाकू मुक्त तथा स्वच्छ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। जल्द लागू होने वाली नई व्यवस्था के तहत पान, गुटखा या तंबाकू का सेवन कर आने वाले लोगों की प्रवेश द्वार पर जांच की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति के पास तंबाकू उत्पाद मिले या उसके सेवन की पुष्टि होती है, तो उसे अस्पताल या मनपा कार्यालय में प्रवेश से रोका जा सकता है।
बीएमसी का कहना है कि अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों में थूकने की बढ़ती घटनाओं के कारण स्वच्छता बनाए रखना चुनौती बन गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नई नियमावली तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस नियम के दायरे में मरीजों के साथ आने वाले परिजन और अन्य आगंतुक भी शामिल होंगे।
प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार अस्पतालों के प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मी आने वाले लोगों की जांच करेंगे। जांच के दौरान यदि किसी के पास गुटखा, तंबाकू या अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद पाए जाते हैं, तो उन्हें जब्त किया जा सकता है। साथ ही संबंधित व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यह पहल मनपा के सभागृह नेता गणेश खणकर द्वारा मनपा सदन में प्रस्तुत प्रस्ताव के बाद आगे बढ़ाई गई है। प्रस्ताव में मांग की गई थी कि मनपा मुख्यालय, विभागीय कार्यालयों, बीएमसी अस्पतालों और डिस्पेंसरी को पूरी तरह तंबाकू मुक्त बनाया जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, नई नियमावली लागू होने के बाद अस्पतालों और मनपा कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर थूककर गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति पर भी प्रभावी रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा।


