spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईव्हेल की उल्टी की तस्करी का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

व्हेल की उल्टी की तस्करी का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

वसई (सं.भा.)अपराध शाखा वसई ने वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करोड़ों रुपये की प्रतिबंधित एम्बरग्रीस (व्हेल की उल्टी) जब्त की है। पुलिस ने केरल से तस्करी कर लाई गई 2 करोड़ 7 लाख 12 हजार रुपये मूल्य की 2 किलो 58 ग्राम एम्बरग्रीस के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप वसई में ऊंची कीमत पर बेचने के लिए लाई गई थी। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सौरभी पवार के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर जी.जी. कॉलेज परिसर में जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से प्रतिबंधित एम्बरग्रीस बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि एम्बरग्रीस केरल से लाकर वसई में ग्राहकों को बेचने की योजना थी। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार किन राज्यों तक फैले हैं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त सचिन शिंत्रे, पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त देवेंद्र पोळ के मार्गदर्शन में वसई अपराध शाखा की टीम ने की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com