spot_img
Homeठाणेसड़क नहीं, एंबुलेंस नहीं... इलाज में देरी से 9 वर्षीय बालक की...

सड़क नहीं, एंबुलेंस नहीं… इलाज में देरी से 9 वर्षीय बालक की मौत

ठाणे (सं.भा.)देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से सटे ठाणे जिले के आदिवासी इलाकों में आज भी विकास की तस्वीर अधूरी है। सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव ने एक बार फिर एक मासूम की जान ले ली। शाहपुर तालुका के शिसावली गांव में सांप के काटने के बाद 9 वर्षीय बालक को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिससे इलाज में हुई देरी उसकी मौत का कारण बन गई। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, शाहपुर तालुका के दहीगांव ग्राम पंचायत अंतर्गत शिसावली गांव निवासी जगन्नाथ दापट (9) घर में सो रहा था, तभी उसे सांप ने काट लिया। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस पहुंच ही नहीं सकी।

इसके बाद परिजन और ग्रामीण बच्चे को झोली में बैठाकर करीब 5 किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे। वहां से उसे दहीगांव उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन केंद्र पर कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। बाद में निजी वाहन से खर्डी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ठाणे रेफर किया गया। हालांकि, इलाज शुरू होने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद एक बार फिर आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, एंबुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गांव तक सड़क और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होती, तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com