spot_img
Homeमहाराष्ट्रमीरा-भाईंदर में "सावन महोत्सव एवं स्त्री शक्ति सम्मान" में गूंजी कजरी की...

मीरा-भाईंदर में “सावन महोत्सव एवं स्त्री शक्ति सम्मान” में गूंजी कजरी की मीठी बहार

विनय दूबे/भाईंदर
मीरा (सं.भा.)रोड स्थित भाजपा कार्यालय के सभागृह में सावन की हरियाली, लोकगीतों की मिठास और नारी सम्मान का खूबसूरत संगम देखने को मिला। अभियान सामाजिक सांस्कृतिक संस्था एवं भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा, मीरा-भाईंदर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सावन महोत्सव एवं स्त्री शक्ति सम्मान’ कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक कजरी और सावन गीतों पर उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक कजरी, सावन गीत और लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। हरे-पीले परिधानों में पहुंची बड़ी संख्या में महिलाओं ने सावन गीतों पर झूमते हुए लोक संस्कृति और परंपराओं का आनंद लिया। पूरे सभागृह में कजरी के मधुर सुरों से सावन की पारंपरिक छटा नजर आई।
इस अवसर पर विधायक नरेंद्र मेहता ने अभिनेत्री सुषमा मिश्रा को इस वर्ष के ‘स्त्री शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज की भी मजबूत आधारशिला हैं। महिलाओं को सम्मान और अवसर देकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, कला, व्यवसाय, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम के आयोजकों एवं भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष दीक्षित ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और लोक परंपराओं से जुड़ा है। कजरी जैसे लोकगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से न केवल महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और अतिथियों ने सावन महोत्सव की सराहना करते हुए इसे लोक संस्कृति, महिला सम्मान और सामाजिक एकजुटता का सुंदर प्रयास बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com