- वतन पर मरनेवालों का यही बाक़ी निशाँ होगा॥
विनय दूबे/भाईंदर
पालघर (सं.भा.)देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीद मेजर कौस्तुभ प्रकाशकुमार राणे की शहादत दिवस पर मीरा-भाईंदर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शहीद की स्मृति में निर्मित ‘वीर स्मृति स्मारक’ पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और शहीद के परिजनों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में महापौर डिंपल मेहता, शहीद के माता-पिता प्रकाशकुमार राणे और ज्योति राणे, एमबीएमसी उपायुक्त डॉ. सचिन बांगर सहित नगरसेवक-नगरसेविकाएं उपस्थित रहे। सभी ने शहीद मेजर कौस्तुभ राणे के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए देश के लिए उनके बलिदान को याद किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद कौस्तुभ राणे अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।
मेजर कौस्तुभ राणे ने 7 अगस्त 2018 को जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान अदम्य वीरता का परिचय देते हुए देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनके साहस, नेतृत्व और वीरता को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल (वीरता) से सम्मानित किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान किसी एक परिवार तक सीमित नहीं होता, बल्कि पूरा देश उनके त्याग का ऋणी रहता है। मेजर कौस्तुभ राणे की वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती रहेगी।
महापौर डिंपल मेहता ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। मेजर कौस्तुभ राणे की शहादत पूरे मीरा-भाईंदर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार के सम्मान और उनकी स्मृतियों को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग करता रहेगा।


