spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईसावन सोमवार और नाग पंचमी के संयोग पर शिवालयों में उमड़ा आस्था...

सावन सोमवार और नाग पंचमी के संयोग पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

मुंबई (सं.भा.) सावन मास का तीसरा सोमवार और नाग पंचमी एक ही दिन पड़ने से यह दिन श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आस्था का केंद्र रहा। इस पावन संयोग पर शहर के सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ नाग पंचमी पर नाग देवता की पूजा-अर्चना भी की गई। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से माहौल बेहद भक्तिमय रहा। बम बम भोले शंकर की गूंज के साथ कांवड़ियों ने बड़ी संख्या में विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ मढ़ स्थित प्राचीन किलेश्वर महादेव मंदिर में देखने को मिली। भोर से ही हजारों कांवड़िए कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, दही, शहद, गंगाजल और बेलपत्र अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। नाग पंचमी के अवसर पर नाग देवता की पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की गई। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और विशेष पूजन का आयोजन हुआ, जबकि विभिन्न संस्थाओं की ओर से महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन, स्थानीय स्वयंसेवकों और पुलिस प्रशासन ने दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। वहीं वसई के तुंगारेश्वर मंदिर, दक्षिण मुंबई के बाबुलनाथ शिव मंदिर, पवई के शिव मंदिर तथा सुवर्णा मंदिर में भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। नाग पंचमी के चलते इन मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए। पूरे दिन मंदिरों में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com