लखनऊ (सं.भा.)उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की करीब 91 वर्षीय मां की घर में हत्या की घटना से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने घटना पर चिंता जताते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धर्मुआ गांव में लखनऊ पुलिस मुख्यालय में एसपी पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती का शव रविवार दोपहर घर में खून से लथपथ मिला। नौकरानी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है। परिजनों के मुताबिक महिला के कुछ आभूषण गायब हैं, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
मायावती ने ‘एक्स’ पर कहा कि जब पुलिस अधिकारी के परिवार की बुजुर्ग महिला सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।


