मीरा रोड (सं.भा.) साहित्य और रंगमंच के प्रेमियों के लिए मीरा रोड में रविवार की शाम खास रही। मीरा रोड (ईस्ट) स्थित विरुनग्ला केंद्र में ‘आकृति’ की ओर से दो एकल लघु नाटकों का मंचन किया गया। दोनों प्रस्तुतियों में मानवीय संवेदनाओं, एकाकीपन और रचनात्मक संघर्ष को प्रभावी ढंग से सामने रखा गया।
पहले नाटक ‘धूप का एक टुकड़ा’ में प्रख्यात लेखिका एवं कवयित्री रीता दास राम ने एक परित्यक्त स्त्री की मनोव्यथा को प्रभावशाली अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया। दूसरा नाटक ‘मेरे दोस्त का बेटा’ प्रसिद्ध कहानीकार कृश्न चंदर की कहानी पर आधारित था, जिसका नाट्य रूपांतरण राजीव रोहित ने किया। इसमें संतोष जाधव ने लेखक की भूमिका निभाई।
दोनों नाटकों का निर्देशन राजीव रोहित ने किया, जबकि संगीत संयोजन साहिल रवि ने किया। आयोजन में स्वर संगम फाउंडेशन के हृदयेश मयंक, हरि प्रसाद राय, राकेश शर्मा और शैलेश सिंह का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम में राजेश विक्रांत, हरि मृदुल, मुख्तार खान, सैयद सलमा, संजय भिसे, प्रो. श्याम दिवाकर, आर.एस. विकल, दिनेश शाकुल, अजय रोहिल्ला, बृज मोहन पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में हृदयेश मयंक ने कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीरा रोड में इस तरह के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित होते रहेंगे।


