चौडगरा (सं.भा.) फतेहपुर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव में स्वतंत्रता दिवस के दिन बच्चों से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आदर्श इंटर कॉलेज के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने से कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने 11 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी सामने आए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर स्वतंत्रता दिवस की ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक अनुज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। घायलों को गोपालगंज स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने मामले में एक पक्ष से जुबैर, अनीस, रिजवान, शैफ, इमरान, जशीम और याशीर तथा दूसरे पक्ष से शादाब, हसनापुर प्रधान दानिश, वोहाज और छोटू उर्फ अबरार को नामजद किया है।
हसनापुर ग्राम प्रधान दानिश ने आरोप लगाया कि गांव के तालाब की जमीन की नाप-जोख जिलाधिकारी के निर्देश पर कराकर काम शुरू कराया गया था। उनका दावा है कि कुछ लोगों ने जेसीबी चालक को धमकाकर काम रुकवा दिया था। प्रधान ने इसी पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताते हुए कहा कि उनकी तरफ से भी पुलिस को तहरीर दी गई है। उनके बड़े भाई शादाब और छोटे भाई वोहाज को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


