मुंबई (सं.भा.) महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा चालकों को मराठी भाषा का प्रशिक्षण देने के लिए सरकार की ओर से शुरू की गई पहल का परीक्षा चरण पूरा हो चुका है। अब सामने आए आंकड़ों में बड़ी संख्या में चालकों के परीक्षा पास करने की जानकारी मिली है, जबकि कुछ चालक दक्षता परीक्षा में सफल नहीं हो सके हैं। सरकार का उद्देश्य ऑटो चालकों को मराठी भाषा का आवश्यक ज्ञान उपलब्ध कराकर यात्रियों से संवाद को और बेहतर बनाना है।
राज्यभर में आयोजित मराठी दक्षता परीक्षा में 1,40,423 ऑटो रिक्शा चालक प्रशिक्षण पूरा करने के साथ परीक्षा पास कर चुके हैं। वहीं, 7,750 चालक परीक्षा में सफल नहीं हो पाए हैं। इन चालकों को आगे दोबारा परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) ने साहित्यिक संगठनों के सहयोग से यह मराठी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया था। राज्यभर से कुल 1,65,600 ऑटो चालकों ने आवेदन किया था। इनमें से 17,427 चालक तय समय सीमा तक अपना प्रशिक्षण पूरा नहीं कर सके थे।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा में असफल रहने वाले चालकों को दोबारा प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर दिया जाएगा, जिसके बाद वे फिर से मराठी दक्षता परीक्षा दे सकेंगे। इस पहल के जरिए सरकार ऑटो रिक्शा चालकों और यात्रियों के बीच संवाद को बेहतर बनाने के साथ मराठी भाषा के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।


