मुंबई (सं.भा.) बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध रूप से भारत में रहने के मामलों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है। इसी बीच कांदिवली पूर्व में एंटी टेरर सेल(एटीसी) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। हनुमान नगर और श्रीराम नगर इलाके से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना वैध दस्तावेजों के करीब आठ वर्षों से मुंबई में रह रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाशिबूल जलील, राकिबूल जलील, मेहंदी रहमान, अख्तर अली और मुबारक हुसैन के रूप में हुई है। एटीएस टीम को इलाके में संदिग्ध विदेशी नागरिकों के रहने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पीएसआई समाधान माली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई दिनों तक निगरानी और गोपनीय जांच की।
जांच के दौरान आरोपियों के बांग्लादेशी नागरिक होने और बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रहने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिछले करीब आठ वर्षों से कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर और श्रीराम नगर इलाके में रह रहे थे तथा इलेक्ट्रिक सर्किट बनाने का काम कर अपनी जीविका चला रहे थे।
पुलिस अब आरोपियों के पास मौजूद दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने भारत में प्रवेश कैसे किया और मुंबई में रहने के दौरान उन्हें किसी स्थानीय व्यक्ति से मदद मिली थी या नहीं।
इस कार्रवाई को पीएसआई समाधान माली के नेतृत्व में विजय पवार, दादा बंगार, पेंढेकर और कस्तूरे सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


