मुंबई, (सं. भा.)। महाराष्ट्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों को मिलने वाले पोषण आहार का दायरा अब कक्षा आठवीं से बढ़ाकर दसवीं तक किया जा सकता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी व्यवहार्यता की जांच कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ताजा, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन समय पर मिलना सबसे जरूरी है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्यालय शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे, राज्य मंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त नीति तैयार करने के निर्देश दिए। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार भोजन व्यवस्था तय करने का अधिकार जिला स्तर पर देने की बात भी कही गई है।
फडणवीस ने कहा कि जहां केंद्रीय रसोईघर से समय पर ताजा भोजन पहुंचाना संभव है, वहां यह व्यवस्था अपनाई जाए। दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों में भोजन पहुंचने में देरी होती है तो ग्राम पंचायतों के माध्यम से स्थानीय व्यवस्था की जाए। जहां संभव हो, भोजन वितरण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों को देने पर भी विचार किया जाए।
स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों और मोटे अनाज से बने पौष्टिक व्यंजनों को भोजन में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। भोजन की गुणवत्ता और समय पर वितरण के लिए स्पष्ट मानक तय करने को भी कहा गया है।
वर्तमान में राज्य के 85 हजार 206 पात्र विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। कक्षा पहली से पांचवीं के विद्यार्थियों को 450 कैलोरी और 12 ग्राम प्रोटीन, जबकि कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों को 700 कैलोरी और 20 ग्राम प्रोटीन वाला भोजन दिया जाता है।


