spot_img
Homeमहाराष्ट्रअवैध फ्लेक्स-बैनर से पटी मुंबई, महापौर की पहल से बदलेगी तस्वीर

अवैध फ्लेक्स-बैनर से पटी मुंबई, महापौर की पहल से बदलेगी तस्वीर

मुंबई,(सं. भा.) गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के बाद अब पूरे वर्ष मुंबई को प्लास्टिक और अनधिकृत फ्लेक्स से मुक्त रखने की पहल शुरू होने जा रही है। महापौर रितू तावडे ने ‘शाडू बाप्पा 10 दिन, फ्लेक्समुक्त मुंबई 365 दिन’ अभियान के तहत शहर में बिना अनुमति लगाए जाने वाले अवैध फ्लेक्स, बैनर, पोस्टर और स्टीकर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की योजना तैयार की है।

महापौर ने इस संबंध में मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र भेजकर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत सभी राजनीतिक दलों से भी सहयोग मांगा जाएगा। महापौर स्वयं विभिन्न दलों के नेताओं को पत्र भेजकर उनसे अनधिकृत बैनर नहीं लगाने और कार्यकर्ताओं को भी नियमों का पालन कराने की अपील करेंगी।ध

नई व्यवस्था के तहत अनुमति प्राप्त बैनर और विज्ञापन सामग्री पर लाइसेंस नंबर, वैधता अवधि, प्रिंटर का नाम और क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य होगा। नागरिक और निगरानी दल क्यूआर कोड के माध्यम से यह जांच सकेंगे कि संबंधित विज्ञापन को अनुमति मिली है या नहीं। बिना अनुमति लगाए गए बैनर तत्काल हटाए जाएंगे और नियम तोड़ने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बार-बार बिना अनुमति फ्लेक्स और बैनर तैयार करने .वाले प्रिंटर, ठेकेदार तथा विज्ञापन एजेंसियों को स्थायी रूप से प्रतिबंधित सूची में डालने का भी प्रस्ताव है। साथ ही पीवीसी की जगह कपड़े और पर्यावरण अनुकूल सामग्री के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा। अनुमति की प्रक्रिया को डिजिटल बनाकर एक ही ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से पूरा करने की तैयारी है, जिससे मनपा के राजस्व में भी वृद्धि हो सकेगी।

महापौर ने कहा कि मुंबई को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखना केवल मनपा की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह गणेशोत्सव में शाडू मिट्टी की मूर्तियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाता है, उसी भावना के साथ पूरे वर्ष मुंबई को फ्लेक्समुक्त बनाने के लिए सभी को साथ आना चाहिए।।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com