मुंबई (सं.भा.) गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना के तीसरे चरण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। दिंडोशी कोर्ट से दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी यानी फिल्म सिटी तक बनने वाले 1.26 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस परियोजना के पूरा होने से पश्चिमी उपनगर के गोरेगांव और पूर्वी उपनगर के मुलुंड के बीच यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) परियोजना मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच आवागमन को अधिक सुगम बनाने की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तीसरे चरण में निर्मित फ्लाईओवर दिंडोशी कोर्ट से शुरू होकर दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी तक जाता है। करीब 1.26 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर को तीन गुणा तीन लेन की संरचना के रूप में तैयार किया गया है। इसके माध्यम से इस मार्ग पर यातायात की क्षमता बढ़ाने और वाहनों की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
फ्लाईओवर के निर्माण में प्रीकास्ट प्रबलित कंक्रीट सेगमेंटल बॉक्स गर्डर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसकी खासियत यह है कि संरचना के तैयार खंडों को निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाता है। फ्लाईओवर को सिंगल पियर यानी एकल खंभे वाली संरचनात्मक व्यवस्था पर बनाया गया है। इस तकनीक से निर्माण कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के साथ संरचना की मजबूती और टिकाऊपन पर भी ध्यान दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े ने परियोजना से जुड़े कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजनाएं) अभिजीत बांगर, उपायुक्त प्रशांत गायकवाड़, उपायुक्त (बुनियादी ढांचा परियोजनाएं) गिरीश निकम, मुख्य अभियंता (पुल) राजेश मुले और उपमुख्य अभियंता (पुल) नरेश मेघराजानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना को मुंबई की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होना इस परियोजना की प्रगति में एक अहम पड़ाव है।


