मुंबई (सं.भा.) मायानगरी मुंबई में पहली बार बड़े स्तर पर ‘मुंबई बुक फेस्टिवल 2026’ का आयोजन होने जा रहा है। छह दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव 24 से 29 नवंबर तक मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में आयोजित होगा। इसमें देशभर के पुस्तक प्रेमियों, लेखकों, साहित्यकारों, प्रकाशकों और शिक्षाविदों को एक साझा मंच मिलेगा। आयोजन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) इंडिया, महाराष्ट्र सरकार, मुंबई विश्वविद्यालय और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सहयोग से किया जा रहा है। 24 नवंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। आयोजन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा।

एनबीटी इंडिया के निदेशक युवराज मलिक के अनुसार, महोत्सव में देश की कई जानी-मानी हस्तियां वक्ता के रूप में शामिल होंगी। इनमें दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, गीतकार गुलजार, मनोज मुंतशिर, फिल्मकार चंद्रप्रकाश द्विवेदी, अभिनेत्री एवं लेखिका शेफाली शाह, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ल, अभिनेता अनुपम खेर और अखिलेंद्र मिश्र सहित आचार्य बालकृष्ण, दीपा मलिक, आचार्य प्रशांत, प्रसून जोशी, विश्वास पाटिल और शरण कुमार लिंबाले जैसे नाम शामिल हैं। कुल 75 विशिष्ट वक्ताओं की उपस्थिति इस आयोजन को खास बनाएगी।
महोत्सव के मुख्य आयोजक एवं विधायक तथा मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने बताया कि पुस्तक महोत्सव में करीब 300 प्रकाशकों की ओर से 500 पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा वंदे मातरम के 150 वर्ष और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर विशेष प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय योगदान से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
महोत्सव के मुख्य संयोजक, मुंबई भाजपा महामंत्री, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं लेखक आचार्य पवन त्रिपाठी ने बताया कि छह दिनों के दौरान 30 सांस्कृतिक कार्यक्रमों और 40 कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में बच्चों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विभिन्न गतिविधियां होंगी, जबकि दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक साहित्यिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।
आयोजकों ने पुस्तक प्रेमियों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों, शिक्षाविदों और मुंबईकरों से बड़ी संख्या में महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.mumbaibookfestival.com पर उपलब्ध होगी। माना जा रहा है कि यह आयोजन मुंबई में पढ़ने की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ ही साहित्य और ज्ञान के क्षेत्र में शहर को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


