- सुशोभीकरण के बावजूद आम लोग नही उठा पा रहे हैं नजरों का लुफ्त
मुंबई (सं.भा.) पश्चिमी उपनगर के मालाड पश्चिम स्थित मार्वे रोड, मालवणी के कमल तालाब का मनपा द्वारा सुशोभीकरण कर इसे नागरिकों के लिए आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के लिए झूले और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों ने इस खूबसूरत परिसर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि नशेड़ियों और शराबियों के आतंक के चलते स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ यहां तैनात सुरक्षा रक्षकों को भी आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कमल तालाब से सटे साई आश्रम में प्रत्येक गुरुवार को सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उल्लेखनीय है कि बारिश के दौरान इसी तालाब में एक बच्चा डूब गया था, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर आम लोगों के तालाब में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई थी। इसके बावजूद असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लग सका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ नशेड़ी बाउंड्री फांदकर रात दो बजे तक तालाब परिसर में पहुंचते हैं और गांजा तथा शराब का सेवन करते हैं।
मनपा द्वारा यहां सुरक्षा रक्षकों की तैनाती की गई है। सुरक्षा रक्षक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लगातार इन असामाजिक तत्वों का विरोध करते हैं, लेकिन नशेड़ी उन्हें डराने-धमकाने और उनसे भिड़ने से भी पीछे नहीं हटते। रविवार तड़के करीब तीन बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने परिसर में लगे झूलों और अन्य सुविधाओं में आग लगा दी। इस दौरान सुरक्षा रक्षकों को भी दौड़ाया गया। इसके बावजूद सुरक्षा रक्षक पूरी मजबूती से परिसर की सुरक्षा में जुटे हुए हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार मालवणी पुलिस को शिकायत की गई है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि 100 नंबर पर फोन करने के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में घंटों लग जाते हैं। आ भी गई तो असामाजिक तत्वों से ज्यादा 100 नंबर पर फोन करने वालों को डांटती – फटकारती है। मालवणी पुलिस के इस व्यवहार से वहां आने वालों में असुरक्षा की भावना घर करने लगी है। लोगों की माने तो तालाब परिसर में आए दिन होने वाली घटनाओं के बावजूद पुलिस की नियमित गश्त दिखाई नहीं देती। स्थानीय लोगों ने मालवणी पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


