spot_img
Homeमहाराष्ट्रत्योहार के बाद रसोई का बजट बिगड़ा, सब्जियों की कीमतों में उछाल

त्योहार के बाद रसोई का बजट बिगड़ा, सब्जियों की कीमतों में उछाल

मुंबई (सं.भा.) त्योहार की खुशियां खत्म होते ही अब रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। दिवाली के बाद सब्जियों की कीमतों में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। मुंबई कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) में कुछ सब्जियों की आवक प्रभावित होने से पिछले दस दिनों में उनके थोक भाव लगभग दोगुने तक पहुंच गए हैं। सबसे ज्यादा उछाल लौकी की कीमत में दर्ज किया गया है। हालांकि, व्यापारियों का मानना है कि यह तेजी अस्थायी है और मंडी में आवक सामान्य होने के बाद कीमतों में गिरावट आ सकती है।

एपीएमसी के 2 और 12 नवंबर के बाजार भावों की तुलना करें तो कई सब्जियों की कीमतों में उल्लेखनीय अंतर दिखाई देता है। 2 नवंबर को 11 रुपये प्रति किलो बिकने वाली लौकी का औसत थोक भाव बढ़कर 22 रुपये हो गया। इसी तरह ग्वार फली 50 रुपये से बढ़कर 65 रुपये, चुकंदर 12 रुपये से 19 रुपये और लहसुन 40 रुपये से बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। इसके अलावा करेला, टमाटर और कुछ अन्य सब्जियों के भाव में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

व्यापारियों के मुताबिक, दिवाली के दौरान किसान और खेतों में काम करने वाले मजदूर त्योहार की तैयारियों में व्यस्त थे। इसके चलते सब्जियों की तुड़ाई, छंटाई और मंडियों तक माल पहुंचाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। इसका असर कुछ सब्जियों की उपलब्धता पर पड़ा और थोक बाजार में कीमतें बढ़ गईं। हालांकि, मंडी में सभी सब्जियों की आवक कम नहीं हुई है। लौकी और टमाटर की आवक बढ़ने के बावजूद इनके दामों में तेजी दर्ज की गई है। इससे साफ है कि कीमतों पर केवल आवक ही नहीं, बल्कि मांग और बाजार की परिस्थितियों का भी असर पड़ रहा है।

एपीएमसी के सब्जी व्यापारियों का कहना है कि दिवाली का त्योहार समाप्त होने के बाद अब कृषि उपज की तुड़ाई और परिवहन की प्रक्रिया धीरे-धीरे नियमित होने की उम्मीद है। इससे मंडी में सब्जियों की उपलब्धता बढ़ सकती है। व्यापारी राहुल जायसवाल के अनुसार, मौजूदा मूल्यवृद्धि स्थायी नहीं है। आवक सुचारू होने के बाद सब्जियों के भाव में गिरावट आने और बाजार के दोबारा सामान्य होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com