मुंबई (सं.भा.) मकान मालिकों और किराएदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवादों को सुलझाने के लिए अब पुलिस की भूमिका अहम होने जा रही है। किराए का एग्रीमेंट समाप्त होने के बावजूद मकान खाली नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ मकान मालिकों को अब लंबी अदालती प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। महाराष्ट्र रेंट कंट्रोल एक्ट, 1999 के तहत मुंबई पुलिस ने पहली बार अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए एक फ्लैट का कब्जा उसके मालिकों को दिलाया है। इस फैसले से उन मकान मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो किराएदारों के मकान खाली नहीं करने से परेशान हैं।
यह पहला मामला सांताक्रूज पूर्व के नेहरू रोड स्थित जय कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी का है। यहां फ्लैट मालिक प्रकाश दिगंबर देवधर और प्रभा प्रकाश देवधर ने शिकायत की थी कि 36 महीने का रजिस्टर्ड लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट समाप्त होने के बावजूद फ्लैट में रहने वाले लोग उसे खाली नहीं कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने संबंधित दस्तावेजों और कानूनी पहलुओं की जांच की। इसके बाद फ्लैट का खाली और शांतिपूर्ण कब्जा उसके मालिकों को सौंप दिया गया।
जॉइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) मनोजकुमार शर्मा के अनुसार, नए प्रावधानों के तहत पुलिस के पास आया यह पहला मामला था। अधिकारियों ने किराएदारों को 1 सितंबर से फ्लैट का कब्जा मिलने तक दोगुना मुआवजा देने का निर्देश भी दिया है। राज्य के हाउसिंग डिपार्टमेंट ने 31 जुलाई को सभी 15 जोनल पुलिस डीसीपी को महाराष्ट्र रेंट कंट्रोल एक्ट के तहत सक्षम अधिकारी नियुक्त किया था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सामने आया था कि मुंबई की सिविल अदालतों में किराए से जुड़े करीब 18,553 मामले लंबे समय से लंबित हैं। इसी बोझ को कम करने और विवादों के जल्द निपटारे के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डिप्टी कमिश्नर निमित गोयल ने स्पष्ट किया है कि लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट समाप्त होने के बाद अपना मकान वापस लेने के इच्छुक मालिक जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित जोनल डीसीपी के पास आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, एग्रीमेंट में मकान खाली कराने की स्पष्ट समाप्ति तिथि यानी टर्मिनेशन डेट का उल्लेख होना जरूरी है। ऐसी शर्त नहीं होने पर आवेदन खारिज भी किया जा सकता है। वहीं, टेनेंसी लॉयर दिव्यकांत मेहता ने आगाह किया है कि जब तक इस प्रक्रिया के लिए स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार नहीं होती, तब तक अलग-अलग अधिकारियों के फैसलों में एकरूपता की कमी रह सकती है।


