spot_img
Homeमहाराष्ट्रराजनीति में जाने की चर्चा के बीच धनुष को साई पल्लवी की...

राजनीति में जाने की चर्चा के बीच धनुष को साई पल्लवी की सलाह

मुंबई, (सं.भा.) दक्षिण भारतीय सिनेमा में अभिनेता धनुष के राजनीति में कदम रखने की चर्चाओं के बीच अभिनेत्री साई पल्लवी ने उनसे अभिनय की दुनिया से दूरी नहीं बनाने की अपील की है। एक फिल्म के प्रचार कार्यक्रम में मंच से अपनी बात रखते हुए साई पल्लवी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता जोसेफ विजय का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि विजय के राजनीति में आने के बाद फिल्मों में काम छोड़ने से एक कलाकार के तौर पर उन्हें निराशा हुई है। अब वह नहीं चाहतीं कि धनुष भी अभिनय से दूर हो जाएं।
साई पल्लवी और धनुष इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ओम: चैप्टर वन’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके साथ ममूटी भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में आयोजित फिल्म के प्री-रिलीज कार्यक्रम में धनुष ने साई पल्लवी की तारीफ करते हुए फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता के किरदार के लिए उनकी भूमिका का समर्थन किया। इसके जवाब में साई पल्लवी ने धनुष के अभिनय की सराहना की और उनसे फिल्मों में सक्रिय बने रहने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में अभिनेत्री ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते समय रास्ते में उन्हें कई राजनीतिक झंडे दिखाई दिए, जिससे उन्हें किसी राजनीतिक सभा जैसा माहौल महसूस हुआ। इसी बात से उन्होंने राजनीति में सक्रिय हुए अभिनेता विजय का जिक्र छेड़ दिया। साई पल्लवी ने कहा कि धनुष अपने जीवन में जो भी फैसला लें, उनकी शुभकामनाएं उनके साथ रहेंगी, लेकिन एक कलाकार के रूप में वह चाहती हैं कि धनुष अभिनय जारी रखें। उन्होंने मजाकिया लेकिन भावुक अंदाज में कहा कि विजय सर ने राजनीति में आने के बाद अभिनय छोड़ दिया, इसलिए वह प्रार्थना करती हैं कि धनुष ऐसा न करें।
साई पल्लवी ने धनुष की अभिनय शैली और उनकी फिल्मों में दिखाई जाने वाली वास्तविक कहानियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने फिल्म ‘पोल्लाधावन’ का उदाहरण देते हुए कहा कि धनुष के अभिनय का दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ता है। फिल्म देखने के बाद कई लोगों ने उसी तरह की बाइक और वैसी ही जीवनशैली अपनाई थी। उनके मुताबिक, इस तरह का प्रभाव पैदा करने के लिए एक सच्चे कलाकार की जरूरत होती है। उन्होंने धनुष से कहा कि वे चाहे जिस क्षेत्र में आगे बढ़ें, फिल्मों में काम करना जारी रखें, क्योंकि दर्शक उनके जैसे प्रतिभाशाली कलाकार को पर्दे पर देखना पसंद करते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com