spot_img
Homeमहाराष्ट्रमहिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे और महिला आयोग सख्त

महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे और महिला आयोग सख्त

मुंबई (सं.भा.) लोकल ट्रेनों में सफर करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अब रेलवे प्रशासन ने गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। नायगांव रेलवे स्टेशन पर 20 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ और उसे चलती लोकल ट्रेन से धक्का देने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को परखने की तैयारी की गई है। मुंबई रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा करने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते को पत्र लिखकर घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। आयोग ने आरोपी के खिलाफ की गई कार्रवाई का विवरण देने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारी नष्ट न हो।
महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते ने आयोग को आश्वस्त किया है कि घटना और अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, रेलवे पुलिस आयुक्त एम. राकेश कलासागर ने बताया कि महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा शुरू कर दी गई है। घटना में शामिल आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया गया था।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने रेलवे प्रशासन को लोकल ट्रेनों और रेलवे परिसरों में महिला सुरक्षा के इंतजामों की विशेष जांच करने को कहा है। इसके तहत महिला डिब्बों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता और सुरक्षा निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। आयोग ने इस पूरी समीक्षा की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर पेश करने को कहा है।
आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि ऐसी घटनाओं में जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पीड़ित युवती को बेहतर चिकित्सा सुविधा, मानसिक परामर्श, पुनर्वास और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) मांगी गई है। नायगांव की घटना के बाद अब रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही पर निगाहें टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com