मुंबई (संवाददाता)। क्या आप यकीन करेंगे कि देश में कहीं दूर-दराज या आदिवासी इलाके में नहीं, बल्कि २४ घंटे बिजली से गुलजार रहने वाली देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में १०० परिवार एक-दो दिन नहीं बल्कि पूरे १२ साल से अंधेरे में ही जीवन बसर कर रहे हैं, दरअसल, २००५ में बिल्डर ने इन सबको एसआरए का फ्लैट तो दे दिया, लेकिन ओसी नहीं दी, जिससे रिलायंस एनर्जी ने इन लोगों को मीटर देने से ही मना कर दिया था और १२ साल से लोग बिना बिजली के फ्लैट में रह रहे थे। यह मामला मालाड पश्चिम के भुजाले तालाब के पास एसआरए बिल्डिंग कावेरी को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी का है, जहां एसआरए के १०० फ्लैटधारक पिछले १२ साल से बिजली से वंचित हैं।
पिछले बीएमसी चुनाव में यहां से नगरसेवक चुने जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी की जया सतनाम तिवाना कावेरी बिल्डिंग में गई और उन लोगों के साथ दिंडोशी में रिलायंस एनर्जी के कार्यालय में गई, लेकिन उनके आग्रह के बावजूद रिलायंस एनर्जी के अधिकारियों ने साफ-साफ कह दिया कि इन एसआरए इमारतों को ओसी नहीं मिली है, लिहाजा, बिना ओसी के बिजली देना संभव नहीं।
तिवाना ने हिम्मत नही हारी और कावेरी के निवासी के साथ सांसद गोपाल शेट्टी से मिली और उन्हें पूरी बात बताई। शेट्टी उसी समय उन सभी को साथ लेकर रिलायंस कार्यालय पहुंच गए, इसके बाद गोपाल शेट्टी के नेतृत्व में भाजपा के लोग रिलायंस कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। जिसमें जया तिवाना, विनोद शेलार, पूर्व नगरसेवक, सतनाम सिंह तिवाना, तेजिंदर सिंह तिवाना और कावेरी के निवासी शामिल थे।
शेट्टी ने घोषणा कर दी कि जब बिजली कनेक्शन देने की लिखित सूचना नहीं दे दी जाती, वह धरने से नहीं उठेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी `सुभाग्य योजना’ के तहत देश के हर नागरिक को बिजली उपलब्ध करवा रहे हैं और यहां मुंबई में लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। शेट्टी ने कहा कि `सुभाग्य योजना’ के तहत कावेरी के निवासियों को भी बिजली मिलनी चाहिए सांसद के धरने पर बैठने से वहां अफरा-तफरी मच गई। अंत में रिलायंस एनर्जी सभी १०० लोगों को मीटर कनेक्शन देने पर राजी हो गया, रिलायंस अफसरों ने कहा कि फॉर्म भरवाने की औपचारिकता पूरी करते ही मीटर कनेक्शन दे दिए जाएंगे।
इसके बाद शेट्टी और तिवाना ने सभी १०० फ्लैटधारकों के फार्म भरवाकर रिलायंस दफ्तर में जमा करवा दिया। रिलायंस अधिकारियों ने फॉर्म लेते हुए जल्दी से जल्दी मीटर लगवाने का आश्वासन दिया और कहा कि दो-तीन दिन में सभी १०० घरों में मीटर लगाकर बिजली कनेक्शन दे सिया जाएगा। इस तरह मालाड के १०० फ्लैटधारकों के घर में शीघ्र ही बिजली के बल्ब जलेंगे।


