मुंबई (संवाददाता) | पार्क साइट पुलिस ने 27 वर्षीय एक व्यक्ति को एक महिला पर जानलेवा हमला करने, उसका अश्लील विडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने एवं उसका बलात्कार करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। घटना विक्रोली (वेस्ट) की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम साबिर खान है, जो सांताक्रुज का निवासी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी खान ने उसे नौकरी देने के बहाने पिछले दिनों सूर्या नगर स्थित अपने कार्यालय में बुलाया था। शनिवार को उसने एक बार फिर अपने सूर्या नगर स्थित कार्यालय में उसको बुलाया और उसका बलात्कार किया। उस दौरान उसने मोबाइल से उसका विडियो भी बना लिया। इस विडियो को आरोपी ने उसके पति को भेज दिया और इसी विडियो के आधार पर उसके पति और उसको ब्लैकमेल भी करने लगा। आरोपी की हरकत से परेशान होकर जब वह इसकी शिकायत करने शनिवार को उसके कार्यालय गई, तो आरोपी ने उसके साथ बदसलूकी किया। उस दौरान आरोपी खान ने कार्यालय में रखे पेपर कटर से उस पर वार कर उसको जख्मी कर दिया। इस हमले में उसकी गरदन, नाक और माथे पर चोटें आईं हैं। पार्क साइट पुलिस के अुनसार, पीड़िता राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती है, जहां वह खतरे से बाहर है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ पार्कसाइट पुलिस ने हत्या का प्रयास (307), आईटी ऐक्ट और बलात्कार (376) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के रविवार को हॉलीडे कोर्ट में पेश किया। आगे की जांच जारी है। पुलिस को मौके से पेपर कटर भी मिल गई है।
छेड़छाड़ के आरोपी को मिली 4 दिनों की पुलिस कस्टडी
नेहरू नगर नाबालिग छात्रा छेड़छाड़ मामले में गिरफ्तार आरोपी इमरान शेख को सेशन कोर्ट ने 25 अक्टूबर तक के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ नेहरू नगर पुलिस ने पॉक्सो ऐक्ट की धारा 8 और 12, 324, 326, 354 (ए), 354 (डी) के तहत मामला दर्ज किया है। इमरान पर 16 वर्षीय एक छात्रा से मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप है। हालांकि, इस घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद नेहरू नगर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हुए थे।


