spot_img
Homeमहाराष्ट्रहंसी-मजाक के बीच छिपा बड़ा राज, ‘पारिवारिक मनोरंजन’ का ट्रेलर रिलीज

हंसी-मजाक के बीच छिपा बड़ा राज, ‘पारिवारिक मनोरंजन’ का ट्रेलर रिलीज

मुंबई (सं.भा.) घर संभालने के लिए रखी गई एक खूबसूरत हाउस मैनेजर कब पूरे घर और मोहल्ले की चर्चा का केंद्र बन जाती है और कब एक सामान्य-सी कहानी रहस्य में बदल जाती है, इसकी झलक आगामी कॉमेडी फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ के ट्रेलर में देखने को मिली है। पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी अभिनीत इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। शुरुआत में हल्के-फुल्के हास्य से भरपूर नजर आने वाली कहानी आगे बढ़ते-बढ़ते रोमांचक मोड़ लेती दिखाई देती है।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी रंजन दुबे नाम के एक कुंवारे व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने घर की देखभाल के लिए एक हाउस मैनेजर की तलाश में हैं। उनकी इस तलाश को अदिति राव हैदरी का किरदार हेलेन पूरा करता है। घर के कामकाज से लेकर खाना बनाने और साफ-सफाई तक की जिम्मेदारी संभालने वाली हेलेन अपनी खूबसूरती और व्यवहार से रंजन दुबे ही नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले को प्रभावित कर देती है। ट्रेलर में दोनों के बीच कई मजेदार दृश्य देखने को मिलते हैं।
कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब सब कुछ सामान्य चल रहा होता है और अचानक पुलिस रंजन दुबे के घर पहुंच जाती है। इसके बाद कहानी का माहौल बदल जाता है और दर्शकों के सामने कई सवाल खड़े होने लगते हैं। यही रहस्य फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ाता है। करीब दो मिनट के ट्रेलर में कॉमेडी, अनोखे रिश्ते और सस्पेंस का मिश्रण देखने को मिलता है।
वरुण वी. शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी और पटकथा बृजेंद्र काला, अली अब्बास जफर और वरुण वी. शर्मा ने मिलकर तैयार की है। फिल्म के संवाद बृजेंद्र काला ने लिखे हैं। विनोद भानुशाली, कमलेश भानुशाली, हिमांशु किशन मेहता और एलिसिया जफर इसके निर्माता हैं, जबकि अली अब्बास जफर ने क्रिएटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी निभाई है।
खास बात यह है कि पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी पहली बार इस फिल्म में एक साथ नजर आएंगे। ट्रेलर के साथ ही निर्माताओं ने इसकी ओटीटी रिलीज की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। फिल्म इसी महीने सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com