मुंबई, (सं.भा.) छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित मस्जिद को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कथित अवैध निर्माण हटाने की मांग को लेकर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने समर्थकों के साथ हथौड़ा रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में हथौड़े लेकर निकले भाजपा कार्यकर्ताओं के आंदोलन से एयरपोर्ट परिसर के आसपास तनाव की स्थिति बन गई। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सोमैया सहित करीब 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस मुद्दे पर भाजपा और एआईएमआईएम के आमने-सामने आने से राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
सोमैया का आरोप है कि एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 स्थित वीआईपी आगमन द्वार के पास लगभग पांच हजार वर्ग फीट सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मस्जिद बनाई गई है। उन्होंने दो दिन पहले भी मौके पर विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को 48 घंटे के भीतर निर्माण हटाने का अल्टीमेटम दिया था। कार्रवाई नहीं होने पर स्वयं हथौड़ा लेकर पहुंचने की चेतावनी दी थी। इसी के तहत वह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एयरपोर्ट परिसर के पास पहुंचे और जेल भरो सत्याग्रह शुरू किया। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस मामले में एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने सोमैया के आंदोलन का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इसे गुंडागर्दी और राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश बताते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। दूसरी ओर मस्जिद पक्ष का दावा है कि निर्माण वैध अनुमति के आधार पर किया गया था और मामला उच्च न्यायालय तथा एमएमआरडीए के समक्ष लंबित है। हालांकि सोमैया और हिंदूवादी संगठनों ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि अदालत में ऐसा कोई मामला लंबित नहीं है।
इस बीच मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने स्पष्ट किया है कि संबंधित धार्मिक ढांचे के निर्माण के लिए उसकी ओर से कोई अनुमति नहीं दी गई थी। प्राधिकरण ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को पत्र भेजकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण हटाने के निर्देश दिए हैं। एमएमआरडीए के अनुसार, मंजूर विकास योजना में इस स्थान को किसी सार्वजनिक प्रार्थना स्थल के लिए आरक्षित या आवंटित नहीं किया गया है।
एयरपोर्ट के वीआईपी आगमन द्वार और टैक्सी पार्किंग क्षेत्र के नजदीक स्थित इस ढांचे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। अधिसूचित हवाई अड्डा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के नियोजन और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित करार के तहत मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की है। ऐसे में एमएमआरडीए के पत्र के बाद आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं विवाद को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।


