मुंबई (सं.भा.) : मुंबई में अवैध फेरीवालों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को और सख्त करने के संकेत देते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त भूषण गगराणी ने रविवार को कांदिवली के लोखंडवाला सर्किल स्थित श्री विश्वकर्मण्ये चौक का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। हाल ही में इसी इलाके में अवैध फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मनपा अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।
दरअसल, शनिवार को बीएमसी के आर-दक्षिण विभाग की टीम कांदिवली में अवैध फेरीवालों को हटाने के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों की भीड़ ने कार्रवाई का विरोध करते हुए मनपा अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के साथ-साथ कार्रवाई में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों और उपकरणों में भी तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के बाद रविवार को आयुक्त भूषण गगराणी स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से कारोबार करने वाले फेरीवालों तथा रास्ता बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सड़क किनारे खड़े वाहनों और फुटपाथ पर बने अवरोधों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एक पिज्जा दुकान को भी तत्काल बंद करने का आदेश दिया, क्योंकि वहां डिलीवरी के लिए खड़े दोपहिया वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था।
दौरे के दौरान आयुक्त ने कार्रवाई में शामिल मनपा अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उनकी स्थिति के बारे में भी पूछा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध फेरीवालों के खिलाफ नियमित अभियान जारी रखा जाए और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सख्त निगरानी रखी जाए।


