दहिसर (सं.भा.): निर्माणाधीन परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। दहिसर पूर्व स्थित एक बिल्डर की साइट पर लगाई गई अस्थायी बाउंड्री वॉल अचानक गिर गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना एस.वी. रोड पर मानव कल्याण के पास दोपहर करीब 12:30 बजे की है।
बताया जा रहा है कि साइट पर पतरे और लकड़ी से बनाई गई अस्थायी घेराबंदी अचानक सड़क की ओर ढह गई। संयोग से उस समय ट्रैफिक सिग्नल लाल था और वाहन रुके हुए थे, अन्यथा तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन बिल्डर की ओर से बरती गई कथित लापरवाही पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकार मौके पर पहुंचे, जहां कवरेज के दौरान उनके साथ साइट पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि वीडियो बनाने से रोका गया और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। पीड़ित पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रिजवान अनवर कोराडिया के खिलाफ पत्रकार सुरक्षा अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों और पत्रकार संगठनों ने निर्माण स्थल की सुरक्षा की जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


