मुंबई (सं.भा.) अभिनेत्री अमृता खानविलकर और अभिनेता हिमांशु मल्होत्रा की निजी जिंदगी को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। दोनों के रिश्ते में कथित अनबन और तलाक की अटकलों के बीच अब अमृता खानविलकर ने इन खबरों पर कड़ा रुख अपनाया है। अभिनेत्री की ओर से साफ किया गया है कि उनके निजी जीवन को लेकर प्रसारित की जा रही ऐसी बातें निराधार और भ्रामक हैं।
अमृता के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी कानूनी टीम की ओर से एक आधिकारिक बयान साझा किया गया है। इसमें कहा गया है कि कुछ ऑनलाइन, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अभिनेत्री के निजी जीवन को लेकर बिना पुष्टि वाली और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री प्रसारित की जा रही है।
कानूनी टीम ने स्पष्ट किया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान है, लेकिन इसके नाम पर किसी व्यक्ति के खिलाफ मानहानिकारक दावे, अफवाहें या गलत जानकारी फैलाने को स्वीकार नहीं किया जाएगा। बयान में ऐसे कंटेंट को तैयार करने, प्रसारित करने या साझा करने वाले लोगों और संस्थाओं के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
अमृता की टीम ने यह भी कहा है कि इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित सामग्री का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा रहा है। अब देखना होगा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ अभिनेत्री की कानूनी टीम किस तरह की कार्रवाई करती है।


