मुंबई, (सं.भा.) स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और हाजिरी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने डिजिटल निगरानी की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति का पूरा लेखा-जोखा ऑनलाइन रखा जाएगा। इसके लिए चैटबॉट आधारित नई प्रणाली लागू की गई है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन शिक्षकों की हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था के दायरे में पहली से बारहवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले सभी शिक्षक आएंगे। नई प्रणाली के संचालन और शिक्षकों की उपस्थिति संबंधी जानकारी दर्ज कराने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को सौंपी गई है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए हैं। शिक्षा आयुक्त कार्यालय की ओर से 4 अक्टूबर 2026 को जारी परिपत्र के अनुसार शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से राष्ट्रीय विद्या समीक्षा केंद्र के अंतर्गत रियल टाइम सूचना बोर्ड के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके लिए स्विफ्टचैट ऐप में उपलब्ध स्मार्ट अटेंडेंस बॉट का इस्तेमाल किया जाएगा। इस डिजिटल प्रणाली से स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी और हाजिरी संबंधी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत सबसे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य को अपने मोबाइल फोन में स्विफ्टचैट ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। स्कूल की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 11 अंकों का यूनिक कोड दर्ज करना होगा, जबकि शिक्षकों का विवरण सत्यापित करने के लिए शालार्थ आईडी अथवा 2राष्ट्रीय शिक्षक कोड का उपयोग किया जाएगा। आवश्यक जानकारी की पुष्टि होने के बाद स्मार्ट अटेंडेंस बॉट के जरिए शिक्षकों की दैनिक उपस्थिति दर्ज की जा सकेगी। इस प्रणाली की विशेषता यह है कि इसमें केवल उपस्थित या अनुपस्थित रहने की जानकारी ही नहीं, बल्कि शिक्षकों की छुट्टियों और शैक्षणिक गतिविधियों का विवरण भी दर्ज किया जा सकेगा। किसी शिक्षक के आधे दिन या पूरे दिन के अवकाश पर रहने के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम अथवा कार्यशाला में शामिल होने की जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। हालांकि, हाजिरी का विवरण भरने के बाद उसे सबमिट करना अनिवार्य होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए बिना संबंधित जानकारी रिकॉर्ड में सुरक्षित नहीं होगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि डिजिटल हाजिरी प्रणाली लागू होने से स्कूलों में उपस्थिति संबंधी रिकॉर्ड अधिक सटीक और पारदर्शी बन सकेगा। इसके साथ ही शिक्षकों की नियमित उपस्थिति की निगरानी करना आसान होगा। नई व्यवस्था से स्कूल प्रशासन को भी शिक्षकों की हाजिरी, अवकाश और प्रशिक्षण संबंधी जानकारी एक ही डिजिटल माध्यम पर उपलब्ध हो सकेगी।
स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी हाजिरी पर लगेगी लगाम
RELATED ARTICLES


