spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबई“विलिंग्डन की जंग: छत बचाने के लिए मैदान में उतरे गोपाल शेट्टी”

“विलिंग्डन की जंग: छत बचाने के लिए मैदान में उतरे गोपाल शेट्टी”

मुंबई (सं भा): दक्षिण मुंबई के ताड़देव इलाके की विलिंग्डन व्यू को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के 17वीं से 34वीं मंजिल के निवासी इन दिनों भारी परेशानी में हैं। कोर्ट के आदेश के बाद तीन सप्ताह में घर खाली करने की नौबत आ गई है क्योंकि इन मंज़िलों को अब तक ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) नहीं मिला। ऐसे में पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने निवासियों का सहारा बनते हुए घोषणा की है कि वे किसी भी हालत में उन्हें बेघर नहीं होने देंगे।

गणेशोत्सव जैसे शुभ अवसर से ठीक पहले विलिंग्डन सोसायटी के परिवारों के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि वे अपना त्यौहार घर में मनाएंगे या बेघर होकर। कोर्ट ने बिना ओसी के रहने पर फ्लैट खाली करने का आदेश दिया है, जिससे निवासियों के दिलों में डर बैठ गया था।

इसी बीच भाजपा नेता और पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी आगे आए और सोसायटी में रह रहे परिवारों को आश्वस्त किया कि वे उनकी लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे। शेट्टी ने निवासियों से कहा—

“चिंता मत कीजिए, आप बेघर नहीं होंगे। गणपति बाप्पा की कृपा से जल्द ही आपकी इमारत को ओसी मिल जाएगी और यह संकट खत्म हो जाएगा।”

शेट्टी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सोसायटी ने पुराने और नए नियमों के तहत ओसी के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। फायर एनओसी भी मिल चुका है। अब यह जिम्मेदारी अधिकारियों की है कि वे जल्द फैसला लें। उन्होंने कहा कि बुधवार को वे इस मुद्दे पर बीएमसी कमिश्नर से मुलाकात करेंगे।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि जरूरत पड़ी तो वे और उनके सहयोगी नेता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

सोसायटी के चेयरमैन नरेंद्र भंडारी ने कहा कि कोर्ट का दिया गया समय अब लगभग खत्म होने को है, लेकिन शेट्टी और विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा से मिले आश्वासन के बाद निवासियों को राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ओसी मिल जाएगी और गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

निवासियों ने सरकार और प्रशासन से यह भी मांग की कि भविष्य में कोई भी बिल्डर बिना ओसी के फ्लैट बेचता है तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि दूसरी सोसायटियों को इस तरह की परेशानी न उठानी पड़े।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com