मुंबई (सं. भा.) – कांदिवली में आर्टिफिशल जूलरी बनाने वाले कारोबारी रियाज अहमद शेख के घर से 9.39 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। इस चोरी को फैक्ट्री में 15 साल से काम कर रहे कारीगर ने अंजाम दिया। कांदिवली पुलिस ने महज 6 दिन में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान साबिर मोहम्मद हदीश अली (33) के रूप में हुई है, जिसे बोरीवली की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
एफआईआर के अनुसार, कारोबारी रियाज अहमद शेख कांदिवली में अपने परिवार के साथ रहता है और उसके घर के ग्राउंड फ्लोर पर आर्टिफिशल गहने बनाने की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में तीन कारीगर काम करते हैं, जो काम के बाद यहीं सोते भी हैं। इनमें से एक कारीगर साबिर पिछले 15 साल से रियाज के साथ काम कर रहा था।
कुछ दिन पहले रियाज की बहन के बेटे ने मालवणी स्थित अपना मकान बेचा था, जिससे उसे 15 लाख रुपये मिले थे। इस रकम में से 9 लाख रुपये उसने रियाज को दिए थे, जिसे रियाज ने अपने घर में बिस्तर के नीचे एक बैग में रख दिया था। इसके अलावा 39 हजार रुपये उसने एक अन्य स्थान पर रखे थे।

2 फरवरी को रियाज अपने परिवार के साथ शिवड़ी में एक रिश्तेदार की शादी में गया था। चूंकि कारीगरों को वह वर्षों से जानता था, इसलिए उसने घर में ताला नहीं लगाया। 5 फरवरी को जब उसे पैसों की जरूरत पड़ी और उसने बैग चेक किया, तो रुपये गायब थे। रियाज ने घर के हर कोने में खोजबीन की, लेकिन नकदी नहीं मिली।
संदेह के आधार पर रियाज ने फैक्ट्री में काम करने वाले सभी कारीगरों से पूछताछ की, लेकिन सभी ने अनभिज्ञता जताई। तभी उसे पता चला कि कारीगर साबिर अचानक गांव चला गया है, जबकि उसने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी थी। रियाज को साबिर पर संदेह हुआ और उसने तुरंत कांदिवली पुलिस स्टेशन में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस टीम ने साबिर की तलाश के लिए उसके गांव में जाल बिछाया और तीन दिन की मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में साबिर ने चोरी की बात कबूल कर ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने पैसे कहां और कैसे छिपाए हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। चोरी की गई रकम जल्द ही बरामद कर ली जाएगी। फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।
इस मामले की जांच डीसीपी आनंद भोईते के नेतृत्व में कांदिवली पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को सलाह दी है कि चाहे भरोसेमंद व्यक्ति हो या नहीं, घर से बाहर जाने पर ताले की सुरक्षा सुनिश्चित करें और नकदी सुरक्षित स्थान पर रखें।


