spot_img
Homeउत्तर प्रदेशबाइक सवार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को मारी गोली

बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को मारी गोली

  • 16 लाख के जेवरात लूटकर फरार

बांदा/अतर्रा (सं. भा.) । शनिवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दुकान बंद कर घर लौट रहे एक सर्राफा व्यवसायी और उसके बेटे को नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया और तमंचा तानकर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी के बेटे को गोली मार दी और करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात तथा सात हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

घटना गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड चौकी अंतर्गत ग्राम तेंदुही के निवासी सर्राफा व्यवसायी मिथलेश सोनी (54) और उनके पुत्र पंकज (26) के साथ घटी। दोनों बहेरी गांव स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। बछेही मोड़ के पास पीछे से दो बाइकों में सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और तीन किलो चांदी, 150 ग्राम सोना व सात हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया। जब पंकज ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी गई, जिससे वह घायल हो गया।

मिथलेश सोनी के अनुसार, लूटी गई सामग्री की कीमत लगभग 16 लाख रुपये है। घटना के बाद शोर मचाने पर खेतों में मौजूद लोग और गांववाले मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान अशोक सिंह को सूचना दी गई, जिन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल पंकज को पहले बहेरी स्वास्थ्य केंद्र फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

डीआईजी राजेश एस. और एसपी अंकुर अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि लूट के खुलासे के लिए एसओजी और एक अन्य टीम का गठन किया गया है। थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि मिथलेश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट में सात हजार रुपये लूट की बात कही गई है, जबकि जेवरात की पुष्टि की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com