spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईटैंकर माफिया पर बीएमसी का शिकंजा, पानी की हर बूंद का होगा...

टैंकर माफिया पर बीएमसी का शिकंजा, पानी की हर बूंद का होगा हिसाब

मुंबई, (सं.भा.) महानगर में पानी के टैंकरों के जरिए होने वाली कथित कालाबाजारी और आपूर्ति में गड़बड़ी पर अंकुश लगाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। अब टैंकरों में भरे जाने वाले पानी की मात्रा से लेकर उसकी आपूर्ति तक का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल माध्यम से रखा जाएगा। इसके लिए मुंबई के 33 हाइड्रेंट पर डिजिटल फ्लो मीटर लगाने की योजना बनाई गई है। इस व्यवस्था से टैंकरों में कितना पानी भरा गया, इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही पानी की बुकिंग और उसके वितरण पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे इलाकों में पानी बेचने जैसी अनियमितताओं को रोका जा सके।

मुंबई में बड़ी संख्या में हाउसिंग सोसायटियां, बहुमंजिला इमारतें और होटल अपनी जरूरतों के लिए पानी के टैंकरों पर निर्भर रहते हैं। विशेष रूप से ऊंचाई वाले इलाकों और ऊंची इमारतों में पानी का दबाव कम होने पर टैंकरों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ टैंकर संचालकों द्वारा पानी की आपूर्ति में गड़बड़ी किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि कई बार पानी के टैंकर की बुकिंग किसी एक सोसायटी के नाम पर कराई जाती है, लेकिन उसमें भरा पानी निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के बजाय दूसरी जगह बेच दिया जाता है। ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मनपा प्रशासन ने टैंकरों के जरिए होने वाली जलापूर्ति की निगरानी मजबूत करने का निर्णय लिया है।

नई नीति के तहत हाइड्रेंट से टैंकरों में भरे जाने वाले पानी की मात्रा डिजिटल फ्लो मीटर के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इससे पानी की निकासी का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध होगा और संबंधित जानकारी की जांच करना आसान हो जाएगा। मनपा का उद्देश्य पानी की बुकिंग से लेकर वितरण तक की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है। किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर के अनुसार, इस वर्ष कम बारिश के कारण आने वाले समय में पानी की कमी की समस्या बढ़ने की आशंका है। विशेष रूप से जिन इलाकों में कम दबाव से जलापूर्ति होती है, वहां टैंकरों की मांग बढ़ सकती है। ऐसे हालात में पानी की आपूर्ति का दुरुपयोग रोकना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कई बार सोसायटियों के नाम पर मनपा के टैंकर बुक कराकर पानी की आपूर्ति में गड़बड़ी की जाती है। इसी पर नियंत्रण के लिए नई नीति तैयार की गई है।

 

मनपा प्रशासन की ओर से तैयार प्रस्ताव को जल्द ही स्थायी समिति के समक्ष मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद डिजिटल फ्लो मीटर लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस व्यवस्था के लागू होने से पानी की निकासी का हिसाब रखने के साथ टैंकर संचालकों की गतिविधियों पर निगरानी मजबूत होने की उम्मीद है। बीएमसी का मानना है कि इससे पानी के वितरण में होने वाली गड़बड़ियों पर रोक लगाने और जरूरतमंद इलाकों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com