पालघर (सं. भा.) पालघर जिले में कोरोना संक्रमण का खौफ लोगों में साफ दिखाई दे रहा है. रविवार को गुजरात से 10 से 15 वोट पर सवार होकर अरब सागर के मार्ग से महाराष्ट्र के पालघर जिले में आ रहे करीब 800 लोगों को महाराष्ट्र गुजरात बॉर्डर पर उमररगांव व आस- पास के स्थानीय लोगों ने रोक दिया. बाद में यह सभी लोग वापस चले गए और अब यह सभी लोग अरब सागर में अटके हुए हैं.
बताया जा रहा है कि यह सभी लोग पालघर जिला के रहने वाले हैं और गुजरत के पोरबंदर,सौराष्ट्र, वेरावळ व अन्य बंदरगाहों पर मछली पकड़ने व मछली पकड़ने वाली वोट पर खलासी का काम करते हैं. लॉकडाउन के कारण यह सभी गुजरात में अटक गए थे.बताया जा रहा है कि इसी मार्ग से अभी करीब 40 से 50 वोट पर सवार होकर करीब 7 हजार लोग और आने आने की तैयारी में हैं.
वहीं, इसे लेकर जब दहानू के तहसीलदार राहुल सारंग से बात की गई तो उनका कहना था कि इसके लिए पूरा प्रशासन एलर्ट पर है, और अभी तक कोई लैंड नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का मतलब लॉकडाउन होता है,ऐसा नहीं कि समुन्द्र मार्ग से आने वालों के लिए लॉकडाउन नहीं है. सबको इसका पालन करना चाहिए.


