गोरेगांव पुलिस स्टेशन में 420 का मामला हुआ दर्ज
मुंबई (सं. भा.) सात बिल्डरों द्वारा फ्लैट देने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर गोरेगांव पुलिस स्टेशन में फ्लैटधारकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले सात बिल्डरों के खिलाफ 420 का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी बिल्डरों का नाम ओम प्रकाश मेहता, नरेंद्र लोढा, देवेश भट्ट, इस्माइल कांगा, अनुज मुनोत, मोफत राज मुनोत और पराग मुनोत बताया गया है। शिकायतकर्ता ईश्वर लाल बंजारा के मुताबिक, उन्होंने गोरेगांव (पश्चिम) सिद्धार्थनगर में बन रही इमारत कल्पतरु रेजीडेंसी में वर्ष 2013 में 2 करोड़ 9 लाख रुपए कीमत का फ्लैट बुक किया था। उनके साथ पांच अन्य फ्लैट खरीदार भी थे। इन सभी को बिल्डर ने बताया कि वर्ष 2017 में बिल्डिंग का काम पूरा होगा, लेकिन किसी भी खरीदार को आज तक फ्लैट का पजेशन नहीं मिला। इस मामले को लेकर पीड़ितों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद अदालत ने गोरेगांव पुलिस को सीआरपीसी की धारा 156 (3) के तहत मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, गोरेगांव पुलिस स्टेशन में छह लोगों से 17 करोड़ 68 लाख 50 हजार 342 रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस पूरे मामले में धारा 420, 409, 34, 120 बी और महाराष्ट्र जमाकर्ता (वित्तीय संस्थानों में हितों का संरक्षण) अधिनियम, 1999 की धारा 4 और 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


