- अंकिता लोखंडे बनीं आकर्षण का केंद्र
मुंबई (सं. भा.) : महाराष्ट्रीयन नववर्ष यानी गुड़ी पड़वा का त्योहार मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर न केवल आम नागरिकों बल्कि बॉलीवुड सितारों ने भी इस त्योहार को पूरे उत्साह के साथ मनाया।
त्योहार के दिन घरों को रंग-बिरंगे फूलों और पारंपरिक सजावट से संवारा गया, गुड़ी स्थापित की गई और पकवानों की खुशबू से माहौल महक उठा। वहीं सोशल मीडिया पर सेलेब्स ने गुड़ी पड़वा, उगादी और नवरात्रि की शुभकामनाएं अपने प्रशंसकों को भेजीं। कई सितारों ने पारंपरिक परिधान में अपनी तस्वीरें भी साझा कीं।
अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने महाराष्ट्रीयन लुक में फोटो शेयर कर सबका ध्यान आकर्षित किया। उनका पारंपरिक अंदाज़ फैंस को खूब पसंद आया। वहीं सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर गुड़ी पड़वा, उगादी और नवरात्रि की बधाई देते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
गुड़ी पड़वा न केवल नए साल की शुरुआत मानी जाती है, बल्कि विजय, समृद्धि और नवउत्साह का प्रतीक भी है। यह दिन दक्षिण भारत के राज्यों में उगादी के रूप में और अन्य भागों में नववर्ष के आगमन के रूप में मनाया जाता है। सेलिब्रिटीज़ की भागीदारी ने इस पर्व को और भी रंगीन और खास बना दिया।


