spot_img
Homeमुंबईकांदिवली आर/दक्षिण उद्यान विभाग में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी

कांदिवली आर/दक्षिण उद्यान विभाग में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी

अधीक्षक सचिन पारखे पर गंभीर आरोप

मुंबई (सं. भा.) कांदिवली आर/दक्षिण विभाग के गार्डन डिपार्टमेंट में भ्रष्टाचार की परतें एक बार फिर उजागर हो रही हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उद्यान अधीक्षक सचिन पारखे मेंटेनेंस कांट्रैक्ट, झाड़ कटिंग और अन्य आवश्यक अनुमतियों के बदले भारी मात्रा में अवैध उगाही कर रहे हैं। विभाग के कई गार्डन ऐसे हैं, जहां असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का कब्जा है, लेकिन विभाग आंख मूंदे बैठा है।

सूत्रों के अनुसार, सचिन पारखे को पहले पी/नॉर्थ विभाग में तैनात किया गया था। उस दौरान भी उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे, जिसके चलते उनका तबादला आर/दक्षिण विभाग में कर दिया गया। शुरू में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन अब यहां भी उनके खिलाफ गड़बड़ियों की शिकायतें जोर पकड़ रही हैं।

बताया जा रहा है कि भले ही मेंटेनेंस कांट्रैक्ट किसी अन्य के नाम पर हो, लेकिन सिक्योरिटी और सफाई (झाड़ू खाता) का सारा कार्य पारखे से जुड़े लोगों द्वारा ही कराया जा रहा है। कांट्रैक्टर का नाम केवल दिखावे के लिए है। हैरानी की बात यह है कि सफाई कार्यों में नियुक्त वर्करों के बारे में आरोप है कि वे बांग्लादेशी नागरिक हैं।

पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव ने भी जताई चिंता

पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव ने इस मुद्दे पर खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, “सिक्योरिटी गार्ड्स को बेहद कम पगार दी जाती है और उनसे 24 घंटे ड्यूटी कराई जाती है, जो पूरी तरह से लेबर लॉ का उल्लंघन है। मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्टर और गार्डन विभाग के अधिकारी आपस में मिलकर पूरा खेल खेल रहे हैं। नियम के मुताबिक सिक्योरिटी गार्ड को उचित वेतन और अधिकतम 12 घंटे की ड्यूटी दी जानी चाहिए, ताकि वे कुशलतापूर्वक सुरक्षा व्यवस्था निभा सकें। इसी तरह अन्य कामों में भी गंभीर स्तर पर गोलमाल किया जा रहा है।”

स्थानीय नागरिक और विभाग के कुछ कर्मचारी भी इस पूरे घटनाक्रम से बेहद आक्रोशित हैं, लेकिन भय के कारण कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। यदि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, तो विभाग में व्याप्त गहरे भ्रष्टाचार की सच्चाई सामने आ सकती है। जनहित और प्रशासन की साख को देखते हुए अब यह आवश्यक हो गया है कि उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com