spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईकानून के दावों को चुनौती? ‘अरूणा बार’ पर बार-बार उठते सवाल

कानून के दावों को चुनौती? ‘अरूणा बार’ पर बार-बार उठते सवाल

मुंबई (सं.भा.) हर बार विधानसभा सत्र के दौरान अनैतिक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे जोर-शोर से उठाए जाते हैं, कड़े निर्देश दिए जाते हैं और सख्त कार्रवाई के दावे भी होते हैं। लेकिन हकीकत यह है कि इन दावों का असर जमीनी स्तर पर बेहद कम नजर आता है। मुंबई के मालाड (पश्चिम) स्थित बॉम्बे टॉकीज इलाके का ‘अरूणा डांस बार’ इसका ताजा उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां कार्रवाई के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।

सूत्रों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इस बार पर समय-समय पर छापेमारी और कार्रवाई होती रही है, लेकिन हर बार कुछ दिन की खामोशी के बाद वही गतिविधियां फिर शुरू हो जाती हैं। बताया जाता है कि कार्रवाई के बाद या तो संचालक बदल दिया जाता है या प्रबंधन में फेरबदल दिखाया जाता है, लेकिन अंदर चलने वाला काम पहले जैसा ही जारी रहता है।

स्थानीय समाजसेवकों का आरोप है कि जब भी किसी विभाग द्वारा सख्ती दिखाई जाती है, तो कुछ दिनों के लिए सब कुछ ठंडा पड़ जाता है, लेकिन जल्द ही व्यवस्थाएं फिर “सेट” हो जाती हैं। इसके बाद कथित तौर पर डांसर्स की संख्या भी बढ़ा दी जाती है, ताकि कार्रवाई के दौरान हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। देर रात तक चलने वाली इन गतिविधियों में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खुलेआम नियमों की अनदेखी की जाती है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर इतनी बार कार्रवाई होने के बावजूद भी इस बार की गतिविधियां कैसे निर्बाध रूप से जारी रहती हैं। क्या सिर्फ चेहरे बदलने से सिस्टम बदल जाता है, या फिर इसके पीछे किसी का संरक्षण है?

विधानसभा में उठने वाले सवालों और सरकार के सख्त निर्देशों के बावजूद अगर जमीनी हकीकत नहीं बदलती, तो यह न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सिस्टम की कार्यशैली पर भी गंभीर चिंता पैदा करता है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या इस बार भी मामला कुछ दिनों में ठंडा पड़ जाएगा या वास्तव में कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई देखने को मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com