मुंबई (सं.भा.): मुंबई में लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 19 फरवरी से वेस्टर्न लाइन पर सेवाओं के ढांचे में बदलाव करते हुए वातानुकूलित लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा विकल्प मिल सके। वेस्टर्न रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, उपनगरीय नेटवर्क पर 12 नई वातानुकूलित लोकल और 3 नई साधारण लोकल सेवाएं शुरू की जाएंगी। इनमें से अधिकांश वातानुकूलित सेवाएं मौजूदा साधारण लोकल के स्थान पर संचालित होंगी, जबकि एक सेवा पूरी तरह नई रहेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय बढ़ती मांग और पीक आवर्स के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद एसी लोकल सेवाओं की कुल संख्या 121 से बढ़कर 133 हो जाएगी। सप्ताहांत में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी विशेष राहत मिलेगी। शनिवार और रविवार को एसी लोकल सेवाओं की संख्या 77 से बढ़ाकर 106 कर दी जाएगी। रेलवे के अनुसार, इससे वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। नई सेवाओं के शामिल होने के साथ ही वेस्टर्न लाइन पर कुल लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 1414 हो जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे नए समय और सेवाओं की जानकारी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।


